फिल्मी जगत से एक दुखद ख़बर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर, संजय कपूर और निर्माता बोनी कपूर की मां निर्मल कपूर का शुक्रवार, 2 मई को निधन हो गया। वे 90 वर्ष की थीं और लंबे समय से उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं।
निर्मल कपूर, दिवंगत फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर की पत्नी थीं। उन्होंने शुक्रवार शाम मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। अस्पताल के सीईओ और कार्यकारी निदेशक डॉ. संतोष शेट्टी ने एएनआई से बात करते हुए बताया, “निर्मल कपूर ने शाम करीब 5:25 बजे शांतिपूर्वक अस्पताल में अंतिम सांस ली।”
उनके निधन की खबर मिलते ही कपूर परिवार के सभी सदस्य अनिल कपूर के घर पर एकत्र हुए। पोते-पोतियों में अर्जुन कपूर, सोनम कपूर, रिया कपूर, हर्षवर्धन कपूर, जाह्नवी कपूर, खुशी कपूर, अंशुला कपूर और मोहित मारवाह अंतिम विदाई देने पहुंचे।
एक वीडियो में जाह्नवी कपूर अपने कथित बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया के साथ अनिल कपूर के घर में प्रवेश करते हुए दिखीं। अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर अलग कार में पहुंचे, वहीं खुशी कपूर और शनाया कपूर भी घर के बाहर स्पॉट की गईं।
निर्मल कपूर का अंतिम संस्कार 3 मई को सुबह 11:30 बजे पवन हंस श्मशान घाट में किया जाएगा।
कुछ महीने पहले अनिल कपूर ने अपनी मां के 90वें जन्मदिन पर उनके साथ तस्वीरें साझा की थीं। उन्होंने लिखा था, “90 साल का प्यार, ताकत और अनगिनत बलिदान… आपकी मौजूदगी हर दिन हमारे जीवन को खुशियों से भर देती है।”
वहीं बोनी कपूर ने भी एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, “मम्मी जी, जन्मदिन की शुभकामनाएं… हमें आपकी दुआओं, सुरक्षा और मार्गदर्शन की ज़रूरत है।”
निर्मल कपूर का जीवन परिवार के लिए समर्पित रहा और उनके निधन से पूरा कपूर परिवार शोक में है।